यूपी – गाजियाबाद। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष बीजेंद्र सिंह के नेतृत्व में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के वीसी और जिलाधिकारी (डीएम) की मध्यस्थता में वेव सिटी बिल्डर एवं किसानों के बीच महत्वपूर्ण वार्ता आयोजित की गई। बैठक में किसानों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बीजेंद्र चौधरी ने बताया कि वीसी और डीएम ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सकारात्मक रुख अपनाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही किसानों को उनका हक मिलेगा और जिन जमीनों पर बिल्डर द्वारा कथित रूप से कब्जा किया गया है, उन्हें मुक्त कराया जाएगा। महेंद्र चौधरी ने क्षेत्र में जल निकासी की गंभीर समस्या उठाते हुए इसके शीघ्र समाधान की मांग की।
अनुज चौधरी ने जानकारी दी कि कई मुद्दों पर सहमति बन गई है, हालांकि कुछ बिंदुओं पर अभी किसान और बिल्डर के बीच सहमति नहीं बन सकी है। अमित चौधरी ने कहा कि शेष समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही अगली बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में महेंद्र चौधरी, अनुज चौधरी, अमित चौधरी, मोहित, श्यामवीर, गुड्डो, प्रमोद, राजबीर, राजा, अमन, देवेंद्र शर्मा, गजेंद्र सहित क्षेत्र की किसान कमेटी के सदस्य और अन्य किसान उपस्थित रहे।







