यूपी – गाजियाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन गाजियाबाद के सहयोग से गणेश अस्पताल में एक विशेष सोशल अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में स्वास्थ्य और आपातकालीन सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कैंप में बड़ी संख्या में मरीजों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच व परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर में टीएसएच (थायरॉयड), बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) और पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट) सहित विभिन्न जांचें नि:शुल्क की गईं। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क परामर्श भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सीपीआर प्रशिक्षण सत्र रहा, जिसमें प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में हृदय गति रुकने पर जीवन रक्षक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
आईएमए गाजियाबाद की अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल और उपाध्यक्ष डॉ. अर्चना शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कैंप समाज में स्वास्थ्य सुरक्षा की भावना को मजबूत करते हैं। संयुक्त सचिव डॉ. अरुणा अग्रवाल, अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. प्रहलाद चावला, डॉ. नीलू खनेजा, उपाध्यक्ष डॉ. अर्चना वर्मा, डॉ. रीनू गोयल, डॉ. आकांक्षा कंसल, डॉ. चुमकाई दे सिन्हा तथा डॉ. मोनिशा गुप्ता ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।







