यूपी – गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के निर्देश पर शास्त्रीनगर स्थित रुद्राक्ष पैलेस और पटेल नगर के एक बैंक्वेट हॉल में केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रचार के लिए मुरादनगर व शहर विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग चौपालों का आयोजन किया गया। मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी और शहर विधायक संजीव शर्मा ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

शहर विधानसभा चौपाल में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने बजट को गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के हित में ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट आत्मनिर्भर भारत को मजबूती देगा। मुरादनगर चौपाल में पूर्व जिलाध्यक्ष महेश अग्रवाल ने इसे संतुलित और दूरदर्शी बजट बताया। विधायक अजीत पाल त्यागी ने ग्रामीण विकास और किसानों को लाभ की बात कही, जबकि विधायक संजीव शर्मा ने व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलने का उल्लेख किया।
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर बजट की विशेषताएं पहुंचाएंगे। आयोजन में रनीता सिंह, बॉबी त्यागी, गुंजन शर्मा, संजय कांत शर्मा, गौरव चोपड़ा और प्रदीप चौधरी की प्रमुख भूमिका रही। उपस्थित जनसमूह ने बजट का करतल ध्वनि से स्वागत किया।







