यूपी – गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में शहर के विकास कार्यों के साथ-साथ नवयुग मार्केट स्थित गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय का स्वरूप भी तेजी से बदला है। बीते दो वर्षों में मुख्यालय के जीर्णोद्धार, एलिवेशन और आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार किए गए हैं, जिससे आगंतुकों और कर्मचारियों को बेहतर वातावरण मिल रहा है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि कार्यशैली को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए कार्यस्थलों का बेहतर होना जरूरी है। मुख्यालय में शौचालयों का सुधार, सुव्यवस्थित वेटिंग एरिया, अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था, पार्क का सौंदर्यीकरण तथा बोर्ड और कार्यकारिणी बैठकों के लिए सुसज्जित कक्ष तैयार किए गए हैं। तीन बड़े मीटिंग हॉल और वर्चुअल बैठकों के लिए एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं।
मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि पुरानी विद्युत व्यवस्था बदलकर नई वायरिंग, लाइट पैनल और फायर प्रोटक्शन सिस्टम लगाए गए हैं। सदन कक्ष में स्प्रिंकलर नोजल भी स्थापित किए गए हैं। आगामी माह में पार्किंग और फाइल स्टोर व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। निगम जोनों में भी सीएसआर के माध्यम से इसी तरह के कार्य कराए जा रहे हैं।







