यूपी – गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 12 फरवरी 2026 को ग्राम जलालपुर, मुरादनगर क्षेत्र में प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। यह कार्रवाई प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में की गई।
प्राधिकरण के अनुसार मौ० असलम पुत्र औसाब तथा लियाकत अली द्वारा खसरा संख्या-158, ग्राम जलालपुर, गाजियाबाद में पाइप लाइन रोड के निकट लगभग 300 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में भूखंड के सामने चार दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। इसके अतिरिक्त लोहे के फ्रेम पर अवैध रूप से गोदाम और साइड ऑफिस भी निर्मित किया गया था। प्राधिकरण टीम ने मौके पर पहुंचकर उक्त अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने विरोध जताया, लेकिन पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते की मौजूदगी में प्रभावी ढंग से ध्वस्तीकरण पूरा किया गया। अभियान के समय स्थल पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल एवं प्रवर्तन दस्ता उपस्थित रहा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







