यूपी – गाजियाबाद। जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र (DIC) में उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह ने बृहस्पतिवार को पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर समरकूल ग्रुप के चेयरमैन एवं उद्योगपति संजीव कुमार गुप्ता तथा एआईएमओ के अध्यक्ष उपेन्द्र गोयल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और शुभकामनाएँ दीं।
संजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (उद्योग मंच) के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उद्यमियों की समस्याओं और हितों की रक्षा को अपना दायित्व मानते हैं। उन्होंने बताया कि जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र औद्योगिक क्षेत्र के विकास, उद्यमियों को प्रोत्साहन देने तथा सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आशा जताई कि आशुतोष सिंह के नेतृत्व में उद्योगों को नई गति मिलेगी।
एआईएमओ के अध्यक्ष उपेन्द्र गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि आशुतोष सिंह के मार्गदर्शन से गाजियाबाद के औद्योगिक क्षेत्र में विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी तथा उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा। समारोह में उपस्थित उद्योगजगत के प्रतिनिधियों ने भी नए उपायुक्त उद्योग के सफल कार्यकाल की कामना की।







