2026 यात्रा तैयारियों पर मंथन
यूपी – गाजियाबाद, श्री अमरनाथ यात्रा भंडारा आर्गेनाइजेशन की एक महत्वपूर्ण बैठक मल्होत्रा रेजिडेंसी, लुधियाना में संपन्न हुई। बैठक में देशभर से लगभग 185 लंगर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान आगामी श्री अमरनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी 12 फरवरी को जम्मू में राज्यपाल की अध्यक्षता में होने वाली अहम बैठक में श्री अमरनाथ यात्रा 2026 की आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए भंडारा व्यवस्थाओं, यात्रियों की सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और समन्वय से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
गाजियाबाद से श्री अमरनाथ दुग्धेश्वर बर्फानी बाबा सेवा समिति की ओर से अध्यक्ष कुमुद गर्ग और महामंत्री राकेश गुसाईं ने बैठक में सहभागिता की। उन्होंने भंडारे की सेवा, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा यात्रा को और अधिक सुंदर व सुव्यवस्थित बनाने के लिए अपनी योजनाओं और सुझावों को साझा किया।
इस अवसर पर सायबो के अध्यक्ष राजन कपूर को समिति की ओर से सम्मानित किया गया। बैठक में सभी लंगर संस्थाओं ने आपसी सहयोग और समन्वय के साथ श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को सफल बनाने का संकल्प लिया।







