राजस्थान – मेहंदीपुर धाम में पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत आयोजित बालाजी महाराज के दरबार में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर अपनी आस्था प्रकट की। इस अवसर पर गुरुदेव सुशांत तोमर के सानिध्य में बड़ी संख्या में भक्त बालाजी महाराज की भक्ति में लीन नजर आए।
दरबार के दौरान गुरुदेव सुशांत तोमर ने श्रद्धालुओं को निस्वार्थ सेवा और भक्ति का संदेश देते हुए सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। उन्होंने बालाजी महाराज के भजनों का मधुर गुणगान करते हुए कहा कि गुरु की कृपा से जीवन की बड़ी से बड़ी बाधाएं दूर हो जाती हैं और जिनका जीवन गुरु की रहमत से चलता है, वे अत्यंत सौभाग्यशाली होते हैं। भजन-कीर्तन के पश्चात श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर बालाजी महाराज की सेवा में जुट गए।
गुरुदेव सुशांत तोमर के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं को मेहंदीपुर धाम वाले बालाजी महाराज के दर्शन कराए गए तथा भक्तों के संकट निवारण के लिए विशेष प्रार्थना की गई। दर्शन के उपरांत दरबार में उपस्थित भक्तों को गुरु-मंत्र प्रदान कर उन्हें धर्म और सेवा के मार्ग पर अग्रसर होने का संकल्प दिलाया गया।
दरबार को श्रद्धालुओं द्वारा भव्य और आकर्षक रूप से सजाया गया। इस आयोजन में हापुड़, बरेली, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मुरादाबाद और बदायूं सहित विभिन्न जिलों से श्रद्धालु पहुंचे। मेहंदीपुर धाम में यह दरबार 4 फरवरी से 8 फरवरी तक संचालित रहेगा।







