अपराधमुक्त और स्वस्थ गांव बना मिसाल
यूपी – गाजियाबाद, मुरादनगर ग्राम विहंग का 12वां जन्मोत्सव रविवार को शिव मंदिर प्रांगण में हर्षोल्लास और सामाजिक समरसता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जन्मोत्सव के लिए शुभकामना संदेश भेजा, जबकि मुरादनगर विधायक अजित पाल त्यागी ने गढ़ी कंजरी रोड का शिलान्यास किया।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक राष्ट्रीय सैनिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विहंग ग्राम निवासी वीर चक्र प्राप्त कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुझाव पर गांव का जन्मोत्सव मनाने की परंपरा शुरू की गई। तभी से हर वर्ष फरवरी के दूसरे रविवार को गांव का जन्मदिन मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इसी आपसी समन्वय का परिणाम है कि गांव में आज तक एक भी आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ और कोरोना काल में भी गांव का कोई व्यक्ति बीमार नहीं पड़ा।

जिला पंचायत सदस्य विकास यादव, हिंदू वाहिनी के जिला अध्यक्ष आयुष त्यागी, मोदीनगर के नायब तहसीदार प्रशांत कुमार सक्सेना और कानूनगो ने गांव की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं के लिए पेंटिंग व खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 95 प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य कैंप, आयुष्मान योजना कैंप, वृद्धावस्था और दिव्यांग सुविधा कैंप लगाए गए तथा भंडारे का आयोजन हुआ।
व्यवस्थाओं में जय करण, नरेश बंसल, सतीश त्यागी, सुभाष त्यागी और दुष्यंत त्यागी का योगदान रहा। पुरस्कार वितरण और संचालन में लेफ्टिनेंट वेद प्रकाश शर्मा और धीरेंद्र त्रिपाठी ने सहयोग किया। कार्यक्रम में शिव कुमार शर्मा, अजय तोमर, गिरिराज सिंह, विष्णु दत्त शर्मा, दिलीप शर्मा, संदीप, अशोक खूंटेल और गजानन माली की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बनाया।







