मंत्री नरेंद्र कश्यप ने स्पेशल ओलंपिक विजेता दिव्यांग खिलाड़ी वासु तिवारी को किया सम्मानित

यूपी – लखनऊ। स्पेशल ओलंपिक में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले दिव्यांग खिलाड़ी वासु तिवारी को पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने रविवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री नरेंद्र कश्यप ने वासु तिवारी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि वासु तिवारी ने मार्च 2025 में इटली के ट्यूरिन शहर में आयोजित स्पेशल ओलंपिक स्नोशूइंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 50 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 25 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर भारत और उत्तर प्रदेश को गौरवान्वित किया। इस प्रतियोगिता में लगभग 150 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था।

वासु तिवारी की इस उपलब्धि पर इटली से लौटने के बाद संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी वासु को सम्मान प्रदान कर चुकी हैं।

मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि वासु तिवारी की सफलता दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही वासु की मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराई जाएगी। वासु तिवारी मूल रूप से अयोध्या जनपद के निवासी हैं। उनकी सफलता में जीवन धारा पुनर्वास केंद्र बरेली तथा कोच आकाश सक्सेना और शिवा का विशेष योगदान रहा है।