यूपी – गाजियाबाद। 6 फरवरी को रोज़ बेल पब्लिक स्कूल, विजयनगर, गाजियाबाद के प्रांगण में विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम देखा गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, महानगर गाजियाबाद के अध्यक्ष बलप्रीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अत्यंत सरल, सहज और आत्मीय शैली में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने परीक्षा को बोझ नहीं बल्कि उत्सव के रूप में लेने की प्रेरणा दी। प्रधानमंत्री ने समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए छात्रों के मन से परीक्षा के भय को दूर करने का प्रयास किया। उनकी बातों ने विद्यार्थियों को न केवल तनावमुक्त किया बल्कि लक्ष्य के प्रति सजग और केंद्रित रहने का मार्ग भी दिखाया।
विद्यालय परिसर में कार्यक्रम को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्र प्रधानमंत्री के अनुभवों और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुनते नजर आए। शिक्षकों ने भी इसे विद्यार्थियों के मानसिक विकास और आत्मबल बढ़ाने वाला कार्यक्रम बताया।
इस अवसर पर बलप्रीत सिंह ने कहा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रम छात्रों को सकारात्मक ऊर्जा देते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह प्रयास देश के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक कदम है।







