यूपी – गाजियाबाद। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर की श्री दूधेश्वर विकास समिति के अध्यक्ष पद पर अनुज गर्ग की नियुक्ति की गई है। वे गाजियाबाद के प्रमुख समाजसेवी एवं भगवान दूधेश्वर के अनन्य भक्त धर्मपाल गर्ग के पुत्र हैं, जो हाल ही में वैकुण्ठ धाम को प्रस्थान कर चुके हैं। पिता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अनुज गर्ग अब भगवान दूधेश्वर की नियमित सेवा और मंदिर विकास का दायित्व संभालेंगे।

शुक्रवार को मंदिर के पीठाधीश्वर, जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष नारायण गिरि महाराज ने विधिवत रूप से अनुज गर्ग को विकास समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया। इस अवसर पर श्री दूधेश्वर वेद संस्थान के आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण किया। मंदिर प्रबंधक शंकर झा और श्री दूधेश्वर श्रृंगार सेवा समिति के अध्यक्ष विजय मित्तल ने उनका स्वागत किया।
अध्यक्ष बनने के पश्चात अनुज गर्ग ने भगवान दूधेश्वर, सभी देवी-देवताओं और सिद्ध गुरु समाधियों की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि वे मंदिर में आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि महोत्सव सहित सभी धार्मिक आयोजनों में सक्रिय सहयोग करेंगे और भक्तों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
नारायण गिरि महाराज ने विश्वास जताया कि अनुज गर्ग अपने पिता धर्मपाल गर्ग की तरह मंदिर, धर्म, समाज और राष्ट्र सेवा के प्रति पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करेंगे।







