यूपी – गाजियाबाद। नगर में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ महानगर गाजियाबाद के नेतृत्व में नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों से सुबह 5 बजे ली जाने वाली हाजिरी को बदलकर सुबह 8 बजे किए जाने का अनुरोध किया गया। यह ज्ञापन नगर आश्री विक्रमादित्य मलिक को महानगर अध्यक्ष शक्ति जीनवाल के नेतृत्व में दिया गया।
इस अवसर पर स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री संगठन प्रदीप चौहान वाल्मीकि ने बताया कि सुबह अंधेरे में हाजिरी के कारण सफाई कर्मचारी महिलाओं को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में चार महिला सफाई कर्मचारियों का सड़क दुर्घटना में एक्सीडेंट हो चुका है। इसके साथ ही सुबह जल्दी हाजिरी होने के कारण महिलाएं अपने बच्चों को समय पर स्कूल भी नहीं भेज पा रही हैं, जिससे उनके सामने सामाजिक और मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने नगर आयुक्त गाजियाबाद से अनुरोध किया कि सफाई कर्मचारियों की सुबह की हाजिरी 8 बजे कर दी जाए, ताकि वे सुरक्षा और सम्मान के दायरे में रहकर कार्य कर सकें। ज्ञापन के दौरान अपर नगर आयुक्त अमरिंदर सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार सहित सफाई कर्मचारियों से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारी को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस मौके पर संजय टाक, जॉनी जीनवाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





