यूपी – गाजियाबाद।
केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई चार श्रम संहिताओं के विरोध में तथा मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल को सफल बनाने की दिशा में साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 4 फरवरी 2026 को साइट-4 साहिबाबाद स्थित मैसर्स एसएफसी सॉल्यूशन के गेट पर एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता यूनियन प्रधान कॉमरेड राजवीर सिंह ने की। बैठक को सीटू के जिला महासचिव कॉमरेड जीएस तिवारी तथा राज्य उपाध्यक्ष कॉमरेड बीकेएस चौहान ने संबोधित किया। वक्ताओं ने चारों लेबर कोड्स से मजदूरों को होने वाले नुकसान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इन कानूनों से रोजगार की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और ट्रेड यूनियन अधिकारों पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
वक्ताओं ने मजदूरों से 12 फरवरी को काम बंद कर सड़कों पर उतरने का आह्वान किया और हड़ताल को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। बैठक में कॉमरेड केके तोमर, फूलचंद स्वामी, मनोज शाह, अशोक यादव, रामराज यादव, शंकर दत्त, नैनदत्त, राजेश भगत, राजेश तिवारी, धनंजय सिंह, सत्येंद्र शर्मा, मुकेश देवा सहित सैकड़ों मजदूर मौजूद रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से हड़ताल को पूरी मजबूती के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया गया।







