यूपी – गाजियाबाद।
दिनांक 4 फरवरी को उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक कांग्रेस के महासचिव अकबर चौधरी के नेतृत्व में शालीमार गार्डन स्थित सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय, कमिश्नरेट गाजियाबाद पर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपकर असम प्रदेश के मुख्यमंत्री हिमन्त बिस्वा सरमा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
अकबर चौधरी ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री संवैधानिक पद पर रहते हुए लगातार अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक, भड़काऊ और संप्रदायिक बयान देते आ रहे हैं, जो न केवल अनुचित हैं बल्कि देश में नफरत फैलाने का काम करते हैं। ऐसे बयानों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने और दंगों जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका रहती है। इसी कारण आज विरोध प्रदर्शन कर एसीपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया गया और मांग की गई कि तत्काल एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष पंडित सुनील शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार जाति और धर्म की राजनीति कर सत्ता में बने रहने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक असम के मुख्यमंत्री मुस्लिम समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में वार्ड नंबर 37 अध्यक्ष आरिफ उर्फ गोलू मलिक, सतवीर कश्यप, सोनू कुमार, याकूब खान, निजामुद्दीन, अलाउद्दीन सैफी, गुलफाम चौधरी, शाहिद खान, अयान उर्फ मोनू, मुजारली उर्फ सलमान, उम्मेद, गुड्डू सैफी, शाहरुख, अरमान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।







