यूपी – गाजियाबाद। केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत आम बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अल्पसंख्यक आयोग उत्तर प्रदेश के पूर्व सदस्य एवं पूर्व महानगर संयोजक सरदार एस.पी. सिंह ने बजट को समावेशी, प्रगतिशील और देश को विकसित व आत्मनिर्भर बनाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
सरदार एस.पी. सिंह ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा प्रस्तुत बजट कर्तव्य बोध पर आधारित है। इसका प्रमुख उद्देश्य देश में उत्पादकता बढ़ाना, लोगों की आकांक्षाओं को साकार करना और समावेशी विकास के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। यह बजट देशवासियों के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करता है।
उन्होंने कहा कि बजट में युवाओं, महिलाओं, किसानों, व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी नई योजनाओं को लागू करने की घोषणा की गई है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक मजबूती आएगी। साथ ही इस बजट से गरीब, मध्यम वर्गीय परिवारों और बुजुर्गों को भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।
सरदार एस.पी. सिंह ने विश्वास जताया कि यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करेगा।







