यूपी – गाजियाबाद कांग्रेस जिला कार्यालय पर मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉली त्यागी द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। वार्ता को संबोधित करते हुए डॉली त्यागी ने कहा कि बीस वर्ष पूर्व डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम लागू कर काम के अधिकार को साकार किया था। मनरेगा के माध्यम से अब तक 180 करोड़ से अधिक कार्य-दिवस सृजित हुए, लगभग 10 करोड़ ग्रामीण परिसंपत्तियों का निर्माण हुआ और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती मिली। कोविड-19 महामारी के दौरान यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा बनी।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार मनरेगा की आत्मा को खत्म करने की दिशा में काम कर रही है। काम का अधिकार समाप्त किया जा रहा है, मज़दूरी तय न्यूनतम दर से हटाकर मनमानी की जा रही है, ग्राम पंचायतों की शक्तियां छीनी जा रही हैं और ठेकेदारों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही राज्य सरकारों पर मज़दूरी का आर्थिक बोझ डालकर उन्हें कमजोर किया जा रहा है।
डॉली त्यागी ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मनरेगा बचाओ संग्राम के माध्यम से काम, मज़दूरी और जवाबदेही के अधिकार की बहाली के लिए देशव्यापी आंदोलन चला रही है। इस अवसर पर रतना पांडे, पुष्पा रावत, सविता जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।





