यूपी – गाजियाबाद। प्रवर्तन जोन-02 के अंतर्गत मुरादनगर क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के निर्देशों के क्रम में 31 जनवरी 2026 को प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में कुल 33 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान ग्राम सरना, पाइप लाइन रोड मुरादनगर में आजाद पुत्र कल्लू द्वारा लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में, ग्राम जलालपुर रघुनाथपुर पाइप लाइन रोड मुरादनगर में चतरपाल पुत्र नत्थू सिंह द्वारा लगभग 5 बीघा क्षेत्रफल में तथा ग्राम बसंतपुर सैंतली, नवीपुर बंबा मुरादनगर में सुशील खारी द्वारा लगभग 8 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इन कॉलोनियों में सड़कों के लिए दीवारों का निर्माण कार्य चल रहा था, जबकि प्राधिकरण से संबंधित किसी प्रकार की स्वीकृति के अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए।
प्राधिकरण द्वारा अवैध रूप से बनाई गई सड़कें, बाउंड्रीवॉल, साइट ऑफिस सहित अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय विकासकर्ताओं और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, जिसे प्राधिकरण पुलिस बल एवं स्थानीय पुलिस बल ने नियंत्रित किया।
मौके पर सहायक अभियंता प्रवर्तन जोन-02 ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना अनुमति किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के समय सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर, मेट, स्थानीय पुलिस बल तथा प्राधिकरण पुलिस बल मौजूद रहा।





