यूपी – मेरठ, उज्जवल भारत मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमेश शर्मा ने संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए एच एल सलमानी को तत्काल प्रभाव से “अध्यक्ष, मेरठ मंडल” के पद पर मनोनीत किया है। यह मनोनयन समाज और देशहित में किए जा रहे उनके निष्ठावान, निःस्वार्थ एवं सतत कार्यों को देखते हुए किया गया है।
उमेश शर्मा ने मनोनयन की घोषणा करते हुए कहा कि एच एल सलमानी लंबे समय से उज्जवल भारत मिशन के उद्देश्यों के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। समाज सेवा के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका, संगठनात्मक क्षमता और जिम्मेदारियों के प्रति गंभीरता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि संस्था को उनसे केवल आशा ही नहीं, बल्कि पूर्ण विश्वास है कि वे अपने पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी कहा कि एच एल सलमानी के नेतृत्व में मेरठ मंडल में उज्जवल भारत मिशन को नई मजबूती मिलेगी और संगठन का विस्तार जन-जन तक पहुंचेगा। समाज कल्याण, राष्ट्र निर्माण और सकारात्मक सामाजिक बदलाव के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
मनोनयन के अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एच एल सलमानी को बधाई देते हुए उनके उज्जवल कार्यकाल और भविष्य की सफलता की कामना की।





