यूपी – लखनऊ। योगी सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु अन्य राज्यों की सफल व नवाचारपूर्ण योजनाओं का अध्ययन किया जा रहा है।

इसी क्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने 28 से 30 जनवरी 2026 तक राजस्थान का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान सरकार की दिव्यांगजन कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। जयपुर स्थित सर्किट हाउस में प्रमुख सचिव एवं निदेशक स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक कर कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण, तकनीकी सहायता, पुनर्वास व्यवस्था तथा लाभार्थी चयन प्रक्रिया पर गहन चर्चा हुई। साथ ही उत्तर प्रदेश की योजनाओं के साथ तुलनात्मक विमर्श कर प्रभावी मॉडल अपनाने पर मंथन किया गया।
जयपुर प्रवास के दौरान नरेन्द्र कश्यप ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से शिष्टाचार भेंट कर संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। इसके अलावा उन्होंने भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति का निरीक्षण कर वहां दी जा रही कृत्रिम अंग एवं पुनर्वास सेवाओं की सराहना की।
नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि भ्रमण से प्राप्त अनुभवों के आधार पर उत्तर प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए योजनाओं को अधिक समावेशी, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक दिव्यांग नागरिक आत्मनिर्भर बन सके।





