यूपी – गाजियाबाद, खोडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात ढाबे पर खाना खाने के दौरान युवकों के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार दिनांक 30 जनवरी 2026 को रात्रि लगभग 10 बजे डायल 112 के माध्यम से थाना खोडा को सूचना मिली कि कुछ युवकों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो रही है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस को मौके पर तीन व्यक्ति घायल अवस्था में मिले, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान दो घायलों की मृत्यु हो गई, जबकि तीसरा घायल अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनकी तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
घटनास्थल के निरीक्षण और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को चिन्हित किया है। इन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि घटना को लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







