यूपी – गाजियाबाद, शुक्रवार को सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी (सुभास पार्टी) द्वारा जगदीश नगर स्थित कार्यालय पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 79वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के संयोजक व संस्थापक सत्येंद्र यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार और प्रयोगों के माध्यम से ही एक शक्तिशाली भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में गांधी जी के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। गांधी जी द्वारा प्रतिपादित ग्राम स्वराज की अवधारणा को कोरोना जैसी वैश्विक महामारी ने सही सिद्ध किया है।
प्रदेश प्रवक्ता विनोद कुमार अकेला ने कहा कि आजादी की लड़ाई में योगदान न देने वाले कुछ लोग महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और अन्य क्रांतिकारियों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने ही महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता की उपाधि दी थी। पूर्व सांसद प्रत्याशी धीरेंद्र सिंह भदौरिया ने कहा कि गांधी जी का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान अमूल्य है।
उत्तर प्रदेश व बिहार प्रभारी अनिल सिन्हा ने स्वदेशी आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि आज भी गांधी जी की नीतियों को अपनाया जाए तो देश का भविष्य उज्ज्वल हो सकता है।
इस अवसर पर अनिल सिन्हा, विनोद कुमार अकेला, तेजेंद्र कुमार वर्मा, अनुपम अग्रवाल, सत्येंद्र यादव, धीरेंद्र सिंह भदौरिया, राजेंद्र यादव, नसरुद्दीन मलिक, जगदीश राय, दीपक वर्मा, विकास कुमार, दीपक पाल, रिंकू कुमार, विवेक राणा, आबिद, इर्शाद, हरीश शर्मा, रोहित कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







