यूपी – गाजियाबाद, त्रिवेंद्रम में आयोजित 46वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करते हुए डॉ. ऋचा सूद ने शानदार प्रदर्शन किया। 29 जनवरी 2026 को हैमर थ्रो स्पर्धा में कड़े मुकाबले के बीच डॉ. ऋचा सूद ने 28.80 मीटर थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इस स्पर्धा में केरल की लिजी अब्राहम 28.27 मीटर थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि तमिलनाडु की शांति ने 24.27 मीटर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। हैमर थ्रो प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 27 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

इससे एक दिन पहले 28 जनवरी 2026 को डॉ. ऋचा सूद ने शॉट पुट स्पर्धा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। शॉट पुट में केरल की सुजाता एम ने 11.10 मीटर थ्रो के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश की डॉ. ऋचा सूद 9.88 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि मणिपुर की हिग्रीजम ने 9.27 मीटर थ्रो के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में लगभग 34 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया।
46वीं राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देशभर से करीब 3000 एथलीट विभिन्न स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं। डॉ. ऋचा सूद की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और एथलेटिक्स जगत में खुशी की लहर है।







