यूपी – गाजियाबाद। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जम्मू-कश्मीर में आयोजित शासकीय कवि सम्मेलन में गाजियाबाद के शायर और वरिष्ठ पत्रकार राज कौशिक को उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सम्मानित किया। बीती रात आयोजित इस विशेष कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए कवियों के साथ राज कौशिक ने भी काव्य पाठ किया और अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

उप राज्यपाल मनोज सिन्हा को समर्पित राज कौशिक के शेर पर सभागार देर तक तालियों से गूंजता रहा। उनकी कविता में संवेदना, राष्ट्रभाव और मानवीय दृष्टिकोण की गहरी छाप देखने को मिली, जिसे कश्मीर के साहित्य प्रेमियों ने खूब सराहा।
कवि सम्मेलन का संयोजन उपेंद्र पांडे ने किया, जबकि संचालन की जिम्मेदारी दिनेश दिग्गज ने निभाई। इस अवसर पर प्रताप सिंह फौजदार, अनिल अग्रवंशी, चंदन द्विवेदी, डॉ. अनुज त्यागी, अफजल, शैलेंद्र मधुर, आभा, श्वेता सिंह सहित जम्मू-कश्मीर और देश के विभिन्न प्रांतों से आए कुल 20 कवियों ने काव्य पाठ किया।
उल्लेखनीय है कि राजभवन कवि सम्मेलन के नाम से प्रसिद्ध इस शासकीय आयोजन में राज कौशिक के रूप में पहली बार गाजियाबाद का प्रतिनिधित्व हुआ। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि गाजियाबाद के साहित्य जगत के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है।







