यूपी – गाजियाबाद, देश के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गाजियाबाद के वरिष्ठ ईएनटी सर्जन डॉ. बी.पी. त्यागी ने अपने हर्ष ईएनटी अस्पताल परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों को अच्छे स्वास्थ्य और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. बी.पी. त्यागी ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का एकजुट रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कुछ असामाजिक तत्व समाज में आपसी मतभेद और वैमनस्य फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे में प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहते हुए किसी भी प्रकार के बहकावे में नहीं आना चाहिए और आपसी सौहार्द को मजबूत करना चाहिए।
अपने संदेश में डॉ. त्यागी ने स्वास्थ्य के महत्व पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक देशवासी को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और वर्ष में कम से कम एक बार संपूर्ण शारीरिक जांच अवश्य करानी चाहिए, ताकि किसी भी बीमारी का समय रहते पता लगाकर उचित उपचार किया जा सके।
इस अवसर पर डॉ. हर्ष त्यागी सहित हर्ष ईएनटी अस्पताल के समस्त चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







