यूपी – अमरोहा। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद अमरोहा की पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली तथा साहस, अनुशासन और पराक्रम का परिचय देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए नरेंद्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बुलेट की रफ्तार से विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और अपराधमुक्त प्रदेश की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं। “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प के साथ प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है।
राज्य मंत्री ने कहा कि भारत को आज़ादी लंबे संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद मिली है, इसलिए वीर जवानों, पुलिसकर्मियों और शहीदों के योगदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश जिस तेजी से विकास कर रहा है, उससे आने वाले समय में प्रदेश देश की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरेगा, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।
गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यह दिवस हमें संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। इस अवसर पर परेड और झांकियों को सलामी दी गई, जिससे समारोह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।







