यूपी – ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 स्थित प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी (पीआईआईटी) में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। मुख्य अतिथि कुमाऊं गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर बीएस राजपूत ने संस्थान परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ की गूंज के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेन्द्र बच्चन तथा निदेशक प्रोफेसर आरके शाक्य ने तिरंगे को सलामी दी।
कान्फ्रेंस हाल में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. भरत सिंह ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर बल दिया। उन्होंने संविधान को ‘राष्ट्र प्रथम’ का मार्गदर्शक दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह संकट के समय देश की सबसे बड़ी शक्ति है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने डॉ. भीमराव आंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए संविधान को देश की एकता, अखंडता और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प का आधार बताया।
कार्यक्रम में संस्थान की प्रमुख मिथलेश सिंह और जागेश सिंह मैम ने वंदे मातरम प्रस्तुत किया। लक्ष्मी प्रिया ने स्वरचित कविता सुनाई तथा अंकिता ने शहीदों पर आधारित गीत प्रस्तुत कर सभी को भावुक किया। समारोह में संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार और समाजसेवी उपस्थित रहे।







