
यूपी – गाजियाबाद। शहर को बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा सिटी जोन में बड़े नाले का निर्माण कराया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों के साथ महामाया स्टेडियम के पीछे बायोडायवर्सिटी पार्क के समीप बन रहे नाले का निरीक्षण किया। यह नाला केला भट्टा से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक बनाया जा रहा है, जिससे शहर के नौ वार्डों को बारिश के पानी से राहत मिलेगी।

नगर निगम निर्माण विभाग द्वारा 820 मीटर लंबा, 5.90 मीटर चौड़ा और 4.55 मीटर ऊंचा नाला बनाया जा रहा है। यह नाला शहर की आबादी से दूर निर्मित हो रहा है, जिससे बरसाती पानी की निकासी बिना किसी रुकावट के सीधे हिंडन नदी की ओर हो सकेगी। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मानसून से पहले अप्रैल माह तक नाले का निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं और कार्य तेजी से प्रगति पर है।
नगर आयुक्त ने बताया कि इस योजना से वार्ड संख्या 12 डसना गेट, 59 पुराना शहर चंद्रपुरी, 69 लोहिया नगर, 19 पटेल नगर शिब्बनपुरा, 9 बोझा, 92, 93, 95 केला भट्टा और 8 मालीवाड़ा क्षेत्र को लाभ मिलेगा। लगभग 8 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस नाले से मेरठ रोड औद्योगिक क्षेत्र को भी राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।







