
यूपी – गाजियाबाद। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय के पुरोधा, भारत रत्न एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती उत्साहपूर्वक मनाई। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सादगी, ईमानदारी और सामाजिक न्याय के मजबूत प्रतीक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। यही कारण है कि वे जननायक के रूप में देशभर में लोकप्रिय हुए। उन्होंने दो बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करते हुए सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉली त्यागी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का जीवन आज की राजनीति के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों और सिद्धांतों पर चलकर ही सामाजिक न्याय का सपना साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में अश्विनी त्यागी, सुरेन्द्र शर्मा, केवीएस श्रीवास्तव, हाजी खुर्शीद, रूबी मलिक, सविता जायसवाल, सीमा नाजमीन, सुशील शर्मा, उदय सिंह पाल, बाबू राम आर्य, मो. इरफान, इस्माइल, राजेंद्र शर्मा और सत्य प्रकाश त्यागी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर्पूरी ठाकुर को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।







