यूपी – गाजियाबाद, नेहरू वर्ल्ड स्कूल के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि कक्षा 12 की छात्रा संस्कृति बाना का चयन जूनियर वर्ल्ड कप शूटिंग प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के बल पर संस्कृति ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय, शहर और देश का नाम रोशन किया है।

नई दिल्ली में आयोजित चयन ट्रायल्स में संस्कृति बाना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन ट्रायल्स में देशभर से लगभग 2000 बालिकाओं ने भाग लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शीर्ष स्थान हासिल कर संस्कृति ने जूनियर वर्ल्ड कप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
जूनियर वर्ल्ड कप शूटिंग प्रतियोगिता जुलाई माह में काहिरा, मिस्र में आयोजित की जाएगी, जहां संस्कृति बाना भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उल्लेखनीय है कि संस्कृति पहले से ही एक अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज हैं। वह जूनियर एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक जीत चुकी हैं और जूनियर श्रेणी में उनका अंतरराष्ट्रीय रैंक 15 है। इन उपलब्धियों के माध्यम से उन्होंने भारतीय शूटिंग जगत में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
इस अवसर पर नेहरू वर्ल्ड स्कूल के प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार ने संस्कृति बाना को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय को विश्वास है कि संस्कृति अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएंगी।

