यूपी – गाजियाबाद निवासी बहुमुखी प्रतिभा की धनी रचना वार्ष्णेय को संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की एकलव्यम फाउंडेशन द्वारा “नृत्य शिरोमणि सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान एकलव्यम नवम समागम (वार्षिकोत्सव) के अवसर पर सूर्य समाचार ऑडिटोरियम, सेक्टर-16, फिल्म सिटी, नोएडा में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय कवयित्री एवं प्रसिद्ध शिक्षाविद मधु मोहिनी उपाध्याय ने की। सम्मान फाउंडेशन की संस्थापिका पूजा सिंह गंगानिया, राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी चौहान तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष साहित्य प्रकोष्ठ राजपाल यादव द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। समारोह में गीत ऋषि, महाकवि डॉ. कुंवर बेचैन के पुत्र प्रतीक सक्सेना, साहित्यकार एवं प्रतिनिधि डॉ. कुंवर बेचैन स्मृति न्यास ऑस्ट्रेलिया, विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
रचना वार्ष्णेय स्वर्ण पदक विजेता हैं तथा गायन एवं नृत्य दोनों विधाओं में निपुण हैं। उन्होंने गांधर्व संगीत महाविद्यालय, गाजियाबाद की संस्थापिका संगीत ऋषि स्व. डॉ. विमला गुप्ता के सान्निध्य में विधिवत संगीत विशारद की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वे श्री ठाकुरद्वारा बालिका विद्यालय, गाजियाबाद में संगीत विभाग की अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। सम्मान मिलने पर परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।







