यूपी – गाजियाबाद। राजनगर आरडीसी स्थित बहुजन समाज पार्टी कार्यालय पर जिला अध्यक्ष मनोज जाटव की अध्यक्षता में बसपा सुप्रीमो बहन कुमारी मायावती के जन्मदिवस कार्यक्रम की सफलता के बाद मिशन 2027 की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाना रहा।
बैठक में जिला अध्यक्ष मनोज जाटव ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी हमेशा से सामाजिक न्याय, समानता और सर्वजन हिताय के सिद्धांतों पर कार्य करती आई है। मिशन 2027 के तहत पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि बहन कुमारी मायावती के नेतृत्व में पार्टी प्रदेश में एक बार फिर मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
इस अवसर पर मिशन 2027 की तैयारी के तहत कार्यालय को भी नए स्वरूप में सजाया जा रहा है। कार्यालय परिसर में बहन कुमारी मायावती के बैनर, होर्डिंग और पार्टी संदेशों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में उत्साह और एकजुटता का माहौल बनाया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह तैयारी केवल सजावट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरना और जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को मजबूती से पहुंचाना है।
बैठक में हरिदत्त जाटव पूर्व पार्षद, राजीव कैन, ओमकार पहलवान, एडवोकेट राज बहादुर, पूर्व कोऑर्डिनेटर चतर सिंह, चंद्रपाल जाटव, मंडल कोऑर्डिनेटर महेश प्रजापति, एडवोकेट संजय कुमार, दिनेश कुमार, मनोज पंडित एडवोकेट, आनंद सिंह चंद्रेश सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर मिशन 2027 को सफल बनाने और पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।







