यूपी – गाजियाबाद।
गाजियाबाद से अयोध्या तक ऐतिहासिक स्केटिंग यात्रा कर वर्ल्ड रिकॉर्ड की दिशा में आगे बढ़ रहे नन्हे स्केटर्स नंदिनी और युग का अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की ओर से भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर महासभा के पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने बच्चों के साहस, अनुशासन और उपलब्धियों की सराहना की।
कार्यक्रम में महासभा के महासचिव मास्टर मनोज नागर, पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी, गुर्जर भवन के अध्यक्ष विवेक भाटी, गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष बीजेपी युवा मोर्चा सचिन डेढ़ा, कार्यक्रम आयोजक एकलव्य बैसला, प्रियांक गुर्जर, मुरादाबाद के युवा ग्राम प्रधान अश्वनी चौधरी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी ने कहा कि नंदिनी और युग जैसे बच्चे देश का भविष्य हैं। उनका साहस और समर्पण आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है और ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों को समाज और राष्ट्र का पूरा सहयोग मिलना चाहिए।
अतिथियों ने गाजियाबाद से अयोध्या तक की कठिन और प्रेरणादायक स्केटिंग यात्रा के लिए बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें शील्ड व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और आगामी वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनुराग नागर, समाजसेवी मोनू पाल, वीरेंद्र उर्फ आशु चौधरी, हैप्पी टेल्स फाउंडेशन के अध्यक्ष मयंक सूद, केशव पंडित, संस्कार मावी, मुखिया मोहित गुर्जर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।







