यूपी – लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नरेंद्र कश्यप के 64वें जन्मदिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए विशेष वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, स्मार्ट केन, कान की मशीन सहित सहायक उपकरण एवं कंबल वितरित किए गए, जिससे सैकड़ों दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
इस अवसर पर 10 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 5 ट्राईसाइकिल, 15 व्हीलचेयर, 5 स्मार्ट केन, 10 श्रवण यंत्र तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए गए। मंत्री ने दिव्यांगजनों से आत्मीय भेंट कर उन्हें आशीर्वचन दिए और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
नरेंद्र कश्यप ने बताया कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए दिव्यांग पेंशन, कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, शादी अनुदान, दुकान संचालन व निर्माण योजना, कॉक्लियर इंप्लांट योजना, लीगल गार्जियनशिप, दिव्यांग बस पास जैसी अनेक योजनाएं संचालित कर रही है और दिव्यांग हितों के लिए निरंतर कार्यरत है।
कार्यक्रम में विधायक अजीतपाल, विधायक डॉ मंजु सिवाच, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना रहा।







