यूपी – गाजियाबाद लोनी।
लोनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चिरोड़ी मार्केट में वैष्णो स्वीट्स एंड केक नामक नई दुकान का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों और व्यापारियों की उपस्थिति रही। इस दौरान अतिथियों ने दुकान संचालक को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान नागेश गुर्जर, सह-संयोजक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला गाजियाबाद एवं प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय संत सेवा एवं गौ रक्षा कल्याण परिषद ने कहा कि लोनी क्षेत्र में लगातार नई दुकानों और शोरूम का खुलना इस बात का प्रमाण है कि अब लोनी व्यापार के लिए एक सुरक्षित और अनुकूल क्षेत्र के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि पहले जहां लोनी को अपराध के संदर्भ में देखा जाता था, वहीं अब यहां तेजी से व्यापारिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिल रहे हैं।
नागेश गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ता व्यापार विकास, शांति और सुरक्षा का संकेत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में लोनी विधानसभा क्षेत्र व्यापार और उद्यमिता का मजबूत केंद्र बनेगा। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे स्वरोजगार की दिशा में आगे आएं और क्षेत्र के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
दुकान संचालक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे गुणवत्ता, स्वच्छता और उचित मूल्य के साथ ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने का प्रयास करेंगे। उद्घाटन समारोह में स्थानीय व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने क्षेत्र के निरंतर विकास, शांति और समृद्धि की कामना की तथा लोनी को व्यापार के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।







