यूपी – गाजियाबाद, ब्लॉक राजापुर के ग्राम जलालाबाद में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजापुर द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश शर्मा ने पंचायत को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसी अधिकार आधारित योजना का नाम बदलने और इसके स्वरूप को कमजोर करने के प्रयास मजदूरों के हितों पर सीधा कुठाराघात हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार योजनाबद्ध तरीके से गरीब, मजदूर और ग्रामीण वर्ग के अधिकारों को समाप्त करने का काम कर रही है।
सतीश शर्मा ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसके माध्यम से विरोधी दलों के समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करें, जिनके नाम मतदाता सूची से कट गए हैं उन्हें पुनः जुड़वाने का कार्य करें और लोकतंत्र की रक्षा में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि मनरेगा मजदूरों को समय पर रोजगार और मजदूरी मिलना उनका संवैधानिक अधिकार है और इसके लिए कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से मनरेगा मजदूरों को न्याय दिलाने के लिए एकजुट होकर आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवदत्त ने की, जबकि कार्यक्रम संयोजक बृजकांत शर्मा रहे। इस अवसर पर ब्लॉक उपाध्यक्ष विनय चौधरी, जिला सचिव इरफान अहमद, मंडल अध्यक्ष आबिद अली, गंगाधर शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और उनके समाधान के लिए संघर्ष का संकल्प लिया गया।







