
यूपी – गाजियाबाद। नेहरू वर्ल्ड स्कूल, शास्त्री नगर, गाजियाबाद में ट्रिपल टैक बास्केटबॉल फाउंडेशन द्वारा उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल संघ (UPBA) के तत्वावधान में 3×3 सीनियर स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 का सफल आयोजन 13 से 14 जनवरी तक किया गया। दो दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की कुल 31 टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष गाजियाबाद विकास प्राधिकरण रहे, जबकि अतिथि सम्मान के रूप में जे. के. गौड़, संस्थापक एवं चेयरमैन जेकेजी एजुकेशन ग्रुप की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।

चैंपियनशिप का उद्देश्य आगामी राष्ट्रीय 3×3 बास्केटबॉल चैंपियनशिप, दिल्ली के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना था। कड़े और रोमांचक मुकाबलों के बाद पुरुष वर्ग में लखनऊ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, अलीगढ़ की टीम उपविजेता रही तथा गाजियाबाद की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में यूपी पुलिस की टीम विजेता बनी, नॉर्थ ईस्ट रेलवे ने द्वितीय और बाराबंकी की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आयोजन के सफल समापन पर आयोजकों ने नेहरू वर्ल्ड स्कूल, सभी टीमों, निर्णायकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।







