यूपी – गाजियाबाद। डिस्ट्रिक्ट मास्टर एथलीट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अजय प्रमुख ने जानकारी देते हुए बताया कि 6वीं थाईलैंड ओपन मास्टर गेम्स 2026 के अंतर्गत बैंकॉक में आयोजित इंटरनेशनल चैंपियनशिप में गाजियाबाद जिले के फफराना गांव निवासी एथलीट सुधीर कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सुधीर कुमार ने विभिन्न देशों के अनुभवी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

प्रतियोगिता में दूसरा स्थान ईरान के खिलाड़ी ने तथा तीसरा स्थान मलेशिया के खिलाड़ी ने प्राप्त किया। सुधीर कुमार की इस जीत से न केवल गाजियाबाद जिले बल्कि पूरे देश में खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी यह सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है।
डिस्ट्रिक्ट मास्टर एथलीट एसोसिएशन ने सुधीर कुमार की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है। सुधीर कुमार की यह सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और जिले में खेल गतिविधियों को नई दिशा देगी।






