यूपी – गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अनधिकृत कब्जे से अपनी भूमि को मुक्त कराया। यह कार्रवाई 9 जनवरी 2026 को की गई, जिसमें खसरा संख्या 738 व 738 मि., ग्राम महरौली, परगना डासना, तहसील व जिला गाजियाबाद स्थित प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।

प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि उक्त भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना अनुमति अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। इसके बाद गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। ध्वस्तीकरण और कब्जा हटाने की इस कार्रवाई में थाना वेव सिटी पुलिस, जीडीए का पुलिस बल तथा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण को हटाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अवैध कब्जाधारियों में खलबली दिखाई दी।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे प्राधिकरण की भूमि पर अवैध कब्जा न करें और किसी भी प्रकार के निर्माण से पूर्व विधिवत अनुमति अवश्य प्राप्त करें।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा और इसे अवैध कब्जों पर रोक लगाने की दिशा में एक आवश्यक कदम बताया।







