यूपी – गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के निर्देशों के क्रम में 9 जनवरी 2026 को प्रवर्तन जोन–02 मोदीनगर क्षेत्र में लगभग 66 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
प्रभारी प्रवर्तन जोन–02 के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में ग्राम बसन्तपुर सैंतली, नवीपुर बम्बा, दुहाई स्थित खसरा संख्या 20 पर लगभग 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध विकास कार्य पाया गया। इसी प्रकार ग्राम शाहपुर निज मोरटा में खसरा संख्या 629, 630, 631 व 632 पर लगभग 26 हजार वर्ग मीटर, खसरा संख्या 622 पर लगभग 10 हजार वर्ग मीटर तथा खसरा संख्या 486 पर करीब 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इन स्थलों पर सड़क चिन्हांकन के लिए मिट्टी भराई और ईंट चिनाई का कार्य किया जा रहा था।

जांच के दौरान मौके पर कोई भी स्वीकृत मानचित्र या वैध अनुमति से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने अवैध कॉलोनियों में बनाई गई सड़कों, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस सहित अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। संबंधित लोगों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।
ध्वस्तीकरण के दौरान स्थानीय विकासकर्ताओं और निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध किया गया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी गई। मौके पर मौजूद सहायक अभियंताओं ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना अनुमति किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
इस कार्रवाई के समय सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर, मेट, स्थानीय पुलिस बल एवं प्राधिकरण पुलिस बल उपस्थित रहा। प्राधिकरण अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।







