Screenshot_20221103-203604_YouTube
IMG-20230215-WA0382
a12
IMG-20230329-WA0101
img-20260320-wa00301462326132922532701.jpg
PlayPause
previous arrow
next arrow

बजरिया गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में बैठक, विशाल नगर कीर्तन के प्रचार रथ को किया रवाना

Share on facebook
Share on whatsapp
Share on twitter
Share on google
Share on linkedin

यूपी – गाजियाबाद। बजरिया स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में चार जनवरी 2026 को निकलने वाले विशाल नगर कीर्तन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर नगर कीर्तन के प्रचार हेतु बनाए गए प्रचार रथ को विभिन्न गुरुद्वारों के प्रधानों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति में निशान साहिब दिखाकर विधिवत रूप से रवाना किया गया। यह प्रचार रथ अगले तीन दिनों तक पूरे शहर में भ्रमण कर नगर कीर्तन का संदेश देगा। बैठक में उपस्थित सभी पत्रकारों को आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

बैठक की शुरुआत गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान इंद्रजीत सिंह टीटू ने की। उन्होंने दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह के बलिदान और सिख धर्म की स्थापना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने समाज और धर्म की रक्षा के लिए अपने पूरे परिवार का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में गुरु ग्रंथ साहिब ही हमारे एकमात्र गुरु हैं और किसी देहधारी मनुष्य को गुरु मानने की परंपरा नहीं है।

महामंत्री एसपी सिंह ओबेराय ने बताया कि यह नगर कीर्तन पूरे शहर का एक विशाल और ऐतिहासिक आयोजन है, जो वर्ष में एक बार निकाला जाता है और कई दशकों से गुरुद्वारा सिंह सभा द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसमें शहर की विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और समाज के सभी वर्गों का सहयोग रहता है। नगर कीर्तन मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा सेवा भाव से खानपान के स्टॉल भी लगाए जाते हैं।

सचिव कुलविंदर सिंह ओबेराय ने नगर कीर्तन के रूट की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन बजरिया गुरुद्वारे से शुरू होकर घंटाघर, दिल्ली गेट, हापुर रोड, पुराने बस अड्डे, कालका गढ़ी, मालीवाड़ा चौराहा होते हुए गांधी नगर में संपन्न होगा।

नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारों द्वारा की जाएगी और पालकी साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब विराजमान रहेंगे। शुरुआत और समापन दोनों स्थानों पर मंच लगाकर धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक व्यक्तियों और झांकियों को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में इंद्रजीत सिंह टीटू, एसपी सिंह ओबेराय, हरमीत सिंह, कुलविंदर ओबेराय, जगमोहन कपूर, अमन, जितेंद्र काला, हरविंदर वीर, भूपिंदर कालरा, कुलवंत सिंह, जसवीर सिंह बत्रा, हरविंदर सिंह, रविन्दर सिंह सगू, मंजीत सिंह सेठी, परमजीत सिंह, नन्दा, जुगिंदर सिंह बग्गू सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।