यूपी – गाजियाबाद। नव वर्ष के प्रथम दिन गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय पर उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों, निगम अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पार्षदों को नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर नए वर्ष के लिए कार्ययोजना और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए।
नव वर्ष के अवसर पर निगम अधिकारियों, पार्षदों के साथ-साथ जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और नगर आयुक्त को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शहर हित में संयुक्त रूप से कार्य करने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम मोदीनगर, जीडीए सचिव, तहसीलदार, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और डीवीएफ टीम द्वारा भी पुष्पगुच्छ भेंट कर निगम के कार्यों की सराहना की गई।

नगर आयुक्त ने निगम के सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में, जून तक, शहर हित से जुड़े 14 प्रमुख प्रोजेक्ट को गति देकर पूरा किया जाए। निर्माण विभाग को सीएम ग्रिड फेस-2, सीनियर सिटीजन केयर सेंटर, विजयनगर कार्यालय, सेफ सिटी योजना के अंतर्गत 350 कैमरों की स्थापना और कारकस प्लांट के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उद्यान विभाग को उपवन योजना, बायोडायवर्सिटी पार्क और मियावाकी पद्धति के विस्तार पर कार्य तेज करने को कहा गया। इसके साथ ही विजयनगर में बन रहे तीसरे एबीसी सेंटर को जनवरी माह में पूर्ण करने तथा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश दिए गए। जलकल विभाग को बायो-सीएनजी प्लांट और विजयनगर में गंगाजल परियोजना तथा प्रकाश विभाग को 20 चार्जिंग स्टेशन पर 100 चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे 2026 में नगर निगम के साथ सहयोग करते हुए पर्यावरण संरक्षण, कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। नव वर्ष के पहले दिन निगम मुख्यालय में कर्मचारियों, सफाई मित्रों और कर्मचारी संघ पदाधिकारियों ने भी बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।







