यूपी – गाजियाबाद। नव वर्ष के शुभ अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद द्वारा संगठन को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने दिनेश कांत मेहता को महानगर उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कार्यालय में एक सादे एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मेहता को मनोनयन पत्र सौंपकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने दिनेश कांत मेहता का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत होने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि दिनेश कांत मेहता का संगठनात्मक अनुभव और कांग्रेस विचारधारा के प्रति समर्पण महानगर कांग्रेस को मजबूती प्रदान करेगा।
महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस संगठन में नए और सक्रिय साथियों को जिम्मेदारी देकर पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मेहता अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करते हुए पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर मोहम्मद कासिम, महासचिव गोपाल भाटी, महासचिव अमित कुमार बंटी, वरिष्ठ कांग्रेसी बाबूराम शर्मा, एडवोकेट चन्द्रपाल (प्रदेश सचिव, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित विभाग), सोनम, बिजेंद्र जाटव, हाफिज सलमानी, महासचिव रविशंकर सूर्या, शबाना, जाकिर, आलम सहित अनेक महानगर पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

