छह पत्रकारों को मिला महामना मालवीय सम्मान
यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विवेकानंद सभागार में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जयंती के अवसर पर 21वां साहित्यकार एवं पत्रकार सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुविख्यात साहित्यकार डॉ. अनिल आर्य सहित छह वरिष्ठ पत्रकारों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. अनिल आर्य को साहित्य भूषण सम्मान प्रदान किया गया, जबकि वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप सरदाना को पत्रकार भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं वरिष्ठ पत्रकार आलोक द्विवेदी, डॉ. महकार सिंह, आशुतोष गुप्ता और अशोक कौशिक को पत्रकार गौरव सम्मान से नवाजा गया। सभी सम्मानित विभूतियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिह्न एवं नकद राशि प्रदान की गई।
सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के अध्यक्ष पद्मभूषण राम बहादुर राय, मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया और निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल द्वारा प्रदान किए गए। इस अवसर पर राम बहादुर राय ने अपने संबोधन में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के आदर्शों और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मालवीय केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रतीक व्यक्तित्व थे।
डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि मालवीय बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे, जिन्होंने पत्रकार, वकील, कथावाचक और राष्ट्रदृष्टा के रूप में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने देश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आत्मनिर्भरता की नींव रखी। साहित्य भूषण सम्मान से सम्मानित डॉ. अनिल आर्य ने कहा कि मेवाड़ ग्रुप मालवीय के जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा प्रदान कर रहा है, जो सराहनीय प्रयास है।
समारोह की शुरुआत मां शारदा, भारत माता और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्र पर पुष्पार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरस्वती वंदना, कविताएं और मालवीय पर आधारित भाषण प्रस्तुत किए गए। अंत में निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन अमित पाराशर द्वारा किया गया।







