यूपी – गाजियाबाद, अमेरिका और लंदन की धार्मिक यात्रा पूर्ण कर भारत माता की पावन भूमि पर आगमन पर महंत नारायण गिरी महाराज एवं पंडित महेश चंद्र वशिष्ठ का श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, संत समाज और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
विदेश यात्रा के दौरान महंत नारायण गिरी महाराज और पंडित महेश चंद्र वशिष्ठ ने सनातन संस्कृति, भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और मानव कल्याण के संदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित किया। अमेरिका और लंदन में आयोजित धार्मिक प्रवचनों, सत्संगों और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा से प्रवासी भारतीयों और विदेशी श्रद्धालुओं को परिचित कराया।
भारत आगमन पर स्वागत समारोह में वक्ताओं ने कहा कि संतों का यह कार्य राष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर सशक्त बनाता है। धर्म, अध्यात्म और सेवा के माध्यम से समाज को जोड़ने का संदेश आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है।
महंत नारायण गिरी महाराज ने स्वागत के लिए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत की आध्यात्मिक चेतना विश्व को शांति, सद्भाव और मानवता का मार्ग दिखाने में सक्षम है। पंडित महेश चंद्र वशिष्ठ ने भी सनातन मूल्यों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर बल दिया।







