नई दिल्ली – सफदरजंग एन्क्लेव स्थित आर्य समाज मंदिर में 27 दिसंबर को FMCSL ऑफ इंडिया (किसान उपभोक्ता बहुराज्यीय सहकारी समिति लिमिटेड) के निदेशक मंडल एवं डेलीगेट की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कंपनी के अध्यक्ष रामकुमार वालिया ने की। इसमें सर्वसम्मति से कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए तथा सभी सदस्यों और डेलीगेट्स ने रामकुमार वालिया के नेतृत्व में पूर्ण आस्था और विश्वास व्यक्त करते हुए उनके साथ कार्य करने की शपथ ली।

बैठक में कंपनी के आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि 10 जनवरी से अध्यक्ष, निदेशक मंडल और डेलीगेट विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कंपनी का प्रचार-प्रसार करेंगे तथा किसान जन-जागरूकता सभाओं के माध्यम से किसानों को सहकारी आंदोलन से जोड़ने का कार्य करेंगे।
बैठक में बताया गया कि FMCSL ऑफ इंडिया का पंजीकरण बहुराज्यीय सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के अंतर्गत केंद्रीय रजिस्ट्रार, सहकारिता विभाग भारत सरकार द्वारा किया गया है। समिति का उद्देश्य किसानों और उपभोक्ताओं को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बहुउद्देशीय सहकारी उपभोक्ता भंडारों की स्थापना करना है। संगठन “सभी के लिए किफायती दाम” के सिद्धांत पर कार्य करेगा।
कंपनी की शुरुआत 100 सदस्यों के साथ हुई है और इसका संचालन क्षेत्र दिल्ली से पूरे देश तक विस्तारित होगा। बैठक में सहकारी खरीद-बिक्री, प्रत्यक्ष विपणन, ग्रामीण रोजगार, बिचौलियों की समाप्ति और किसानों की आय बढ़ाने जैसे विषयों पर जोर दिया गया।
बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से आए डेलीगेट और सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।






