यूपी – गाजियाबाद से अयोध्या धाम तक निकली ऐतिहासिक इनलाइन स्केटिंग यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अनोखी और प्रेरणादायक यात्रा को गाजियाबाद के भाई-बहन स्केटर्स युग और नन्दनी अंजाम दे रहे हैं, जो कम उम्र में ही खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और सनातन संस्कारों का संदेश समाज तक पहुँचा रहे हैं।
युग कक्षा 6 में अध्ययनरत हैं, जबकि उनकी छोटी बहन नन्दनी कक्षा 5 की छात्रा हैं। दोनों बच्चे पिछले करीब एक वर्ष से नियमित रूप से इनलाइन स्केटिंग का अभ्यास कर रहे हैं। कठिन अभ्यास और मजबूत आत्मविश्वास के बल पर वे गाजियाबाद से अयोध्या धाम तक की चुनौतीपूर्ण यात्रा पर स्केटिंग के माध्यम से निकले हैं।

इन बच्चों के पिता मुखिया मोहित गुर्जर पिछले 15 वर्षों से दिल्ली-एनसीआर व आसपास के जिलों में मृत गोवंश के अंतिम संस्कार एवं संरक्षण जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। वे कैनरा बैंक में कार्यरत सरकारी कर्मचारी भी हैं। सेवा, अनुशासन और सनातन मूल्यों से जुड़ा जीवन इस परिवार की पहचान है।
इस यात्रा का उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि सकारात्मक सोच, सादा जीवन और माता-पिता के सहयोग से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। यह पहल बच्चों और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और आत्मविश्वास के लिए प्रेरित करती है।
यह स्केटिंग यात्रा परम पूज्य सद्गुरु ऋतेश्वर महाराज, पीठाधीश्वर आनंदम धाम के प्रकट्य दिवस 5 जनवरी के उपलक्ष्य में समर्पित है। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मुरादनगर विधायक अजितपाल त्यागी, दिव्यांगता सलाहकार बोर्ड सदस्य एडवोकेट धरम सिंह, विधायक नन्द किशोर गुर्जर, सीडीओ अभिनव गोपाल, समाजसेवी गौरव बंसल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने बच्चों को सम्मानित कर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अतिथियों ने इस यात्रा को प्रेरणास्रोत बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।







