नई दिल्ली – जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में 26 से 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित एस.बी.के.एफ 13वीं नेशनल गेम चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अजय प्रमुख ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और गाजियाबाद का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में अजय प्रमुख ने 200 मीटर दौड़ को मात्र 32 सेकेंड में पूरा कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, वहीं 100 मीटर दौड़ में 14 सेकेंड का समय लेकर रजत पदक हासिल किया।

अजय प्रमुख इससे पूर्व भी कई प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उत्तर प्रदेश स्टेट चैंपियनशिप में वे दो स्वर्ण पदक और एक कांस्य पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा दिल्ली स्टेट मास्टर चैंपियनशिप में भी उन्होंने स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। वर्ष 2025 में आयोजित 23वीं एशिया मास्टर एथलीट चैंपियनशिप में अजय प्रमुख ने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ स्पर्धाओं में सहभागिता कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई।
खेल जगत के साथ-साथ संगठनात्मक और सामाजिक क्षेत्रों में भी अजय प्रमुख की सक्रिय भूमिका रही है। वे मास्टर डिस्ट्रिक्ट एथलीट एसोसिएशन गाजियाबाद के जिला अध्यक्ष हैं तथा शूटिंग बॉल एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। एक सफल व्यवसायी होने के साथ-साथ अजय प्रमुख राजनीति में भी सक्रिय हैं। वे राष्ट्रीय लोकदल में ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं, गाजियाबाद जिले के राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष भी रहे हैं और मुरादनगर विधानसभा से राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं।
अजय प्रमुख की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






