यूपी – गाजियाबाद के शालीमार गार्डन स्थित राधा कृष्णा पार्क सोसाइटी में प्लॉट संख्या 102 के पीछे सर्विस लाइन में टाइल निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस विकास कार्य का उद्घाटन महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान ने किया। करीब 9 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य से क्षेत्रवासियों को आवागमन और स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं में सुधार मिलेगा।
उद्घाटन के अवसर पर पप्पू पहलवान ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह निर्माण कार्य न केवल क्षेत्र के समग्र विकास में सहायक होगा, बल्कि स्वच्छ वातावरण बनाने और लोगों के आवागमन को सुगम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे भी जनहित से जुड़े विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में संयोजक एवं सोशल मीडिया प्रभारी प्रतीक माथुर ने निर्माण कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पप्पू पहलवान द्वारा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने से क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने निर्माण कार्य के शुभारंभ का स्वागत किया और इसे लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में अहम कदम बताया। स्थानीय लोगों ने कहा कि सर्विस लाइन के निर्माण से जलभराव की समस्या कम होगी और कॉलोनी की सूरत भी बदलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने जनप्रतिनिधि के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह के विकास कार्यों की अपेक्षा जताई। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।







