यूपी – गाजियाबाद, श्री सत्य साईं सेवा संगठन दिल्ली–एनसीआर, गौतम बुद्ध नगर द्वारा जिला कारागार डासना में महिला कैदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों के लिए सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करना और जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर बच्चों के लिए गर्म कपड़े, चॉकलेट, बिस्किट, खेलने के खिलौने, पेंसिल आदि सामग्री वितरित की गई। वहीं महिला कैदियों को सोल मूंगफली, रेवड़ी, बिस्किट, फल और चॉकलेट प्रदान की गई। सेवा संगठन की राज्य स्तरीय सेवा संयोजिका कामिनी सचदेवा ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानव सेवा ही माधव सेवा है। उन्होंने सत्गुणों के विकास और मानवीय मूल्यों को अपनाकर दुर्गुणों पर विजय पाने के विषय में विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में जेल अधीक्षक की पत्नी राजकुमारी, डॉक्टर अंजली गंभीर, विभा रावत, समाजसेविका मेघा बंसल, गीता सिंह और सुधा मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जेल प्रशासन की ओर से डिप्टी जेलर एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन गीतांजलि वेलफेयर की चेयरपर्सन एवं सत्य साईं सेवा संगठन की सक्रिय कार्यकर्ता वंदना चौधरी ने किया। आयोजन में जिला स्तर की सेवा संयोजिका वीना सिक्का, राजलक्ष्मी और नीता सिंह का विशेष सहयोग रहा। वहीं राजकुमार मिश्रा और राकेश यादव के सहयोग को भी सराहा गया।
सेवा कार्यक्रम का समापन भजन एवं भगवान की आरती के साथ किया गया। उपस्थित लोगों ने संगठन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंदों के जीवन में आशा और आत्मविश्वास का संचार करते हैं।







